हाईवे पर अब थानों के अधीन काम करेंगी इंटरसेप्टर गाड़ियां, ओवरस्पीड वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई
दैनिक खबरां, बीकानेर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस महकमे ने इंटरसेप्टर गाड़ियों की तैनाती में बड़ा बदलाव किया है। अब ये गाड़ियां ट्रैफिक पुलिस के बजाय संबंधित पुलिस थानों के अधीन रहकर एक्सप्रेस-वे और हाईवे पर ओवरस्पीड वाहनों की निगरानी करेंगी। पहले इंटरसेप्टर टीमें ट्रैफिक पुलिस के अधीन काम करती थीं और की गई कार्रवाई ट्रैफिक के खाते में जाती थी, लेकिन अब हाईवे पर की जाने वाली सारी कार्रवाई संबंधित थाने के रिकॉर्ड में दर्ज होगी। इसके तहत रोजाना दो थाना क्षेत्रों में दो इंटरसेप्टर गाड़ियां तैनात रहेंगी, जो थानों के एएसआई या हेड कांस्टेबल के साथ मिलकर चेकिंग और चालान की कार्रवाई करेंगी। बीकानेर रेंज के आईजी प्रतिदिन की गई कार्रवाई की समीक्षा करेंगे और लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई होगी। रेंज यातायात प्रभारी कानाराम संबंधित थानों के एसएचओ से समन्वय कर ओवरस्पीड वाहनों पर सख्ती सुनिश्चित करेंगे।
बीकानेर जिले में चार इंटरसेप्टर गाड़ियां हैं, जिनमें दो फोर व्हीलर और दो बाइक शामिल हैं। फोर व्हीलर इंटरसेप्टर पर एएसआई, ड्राइवर और दो जवानों सहित चार ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं और अब इनके साथ थाने का एक पुलिसकर्मी भी रहेगा। वहीं बाइक इंटरसेप्टर पर तीन जवानों की टीम तैनात रहती है, जिसमें चालक, वाहन रोकने वाला और चालान करने वाला पुलिसकर्मी शामिल होता है।
जिला पुलिस ने इंटरसेप्टर तैनाती का साप्ताहिक शिड्यूल भी जारी किया है। इसके अनुसार सोमवार को नोखा और नापासर, मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ और महाजन, बुधवार को नाल और लूणकरणसर, गुरुवार को देशनोक और सेरूणा, शुक्रवार को जामसर और कोलायत, शनिवार को छत्तरगढ़ और व्यास कॉलोनी तथा रविवार को बीछवाल और पांचू थाना क्षेत्रों में इंटरसेप्टर तैनात रहेंगे। नई व्यवस्था से हाईवे पर गति नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं में कमी की उम्मीद जताई जा रही है।

