श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में भारतीय कप्तान शिखर धवन ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। धवन ने मोहिंदर अमरनाथ के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
कोलंबो/नईदिल्ली, @dainikkhabraan। धवन भारत की कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर। धवन ने मोहिंदर अमरनाथ के 37 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में भारतीय कप्तान शिखर धवन ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। धवन भारत की कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बन गए हैं। धवन ने टॉस के लिए उतरते ही ये खास रिकॉर्ड अपने नाम किया।
धवन की उम्र 35 साल और 225 दिन है. उन्होंने मोहिंदर अमरनाथ के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। अमरनाथ ने 1984 में 34 साल 37 दिन की उम्र में पहली बार टीम इंडिया की कप्तानी की थी। इस तरह से धवन ने 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है।
सबसे ज्यादा उम्र में कप्तानी करने वाले भारतीय खिलाड़ी
मोहिंदर अमरनाथ- 34 साल 37 दिन
सैयद किरमानी- 33 साल 353 दिन
अजीत वाडेकर- 33 साल 103 दिन
बता दें कि शिखर धवन के नेतृत्व वाली भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त श्रीलंका दौरे पर है. टीम इंडिया को इस दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज और इतने ही मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है।
धवन 6000 रन पूरे करने वाले 10वें भारतीय बल्लेबाज बने
भारतीय कप्तान शिखर धवन ने श्रीलंका के खिलाफ रविवार को कोलंबो में खेले गए पहले एकदिवसीय मैच में अपने वनडे इंटरनेशनल करियर के छह हजार रन (6063) पूरे किए. यह उपलब्धि हासिल करने वाले 10वें भारतीय बल्लेबाज बने. उन्होंने 86 रनों की नाबाद पारी के दौरान 23 रन बनाते ही इस आंकड़े को छुआ. टीम इंडिया ने यह मैच 7 विकेट से जीता. धवन ने अपना 33 अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अपने 143वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की.
धवन से पहले वनडे इंटरनेशनल में सचिन तेंदुलकर (18,426), मौजूदा नियमित कप्तान विराट कोहली (12169), पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली (11221), पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ (10768), पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (10599), पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन (9378), रोहित शर्मा (9205), युवराज सिंह (8609) और वीरेंद्र सहवाग (7995) छह हजार से अधिक रन बना चुके हैं।
पहले मैच में शिखर धवन ने 6 बड़े रिकॉर्ड बनाए. आइए इस पर नजर डालते हैं:
1- शिखर धवन के श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 1 हजार पूरे हुए। उन्हाेंने सबसे कम 17 पारी में यह कारनामा किया। दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (18), टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (20), एमएस धोनी (22) और विराट कोहली (24) को पीछे छोड़ा।
2- बतौर कप्तान पहले की मैच में शिखर धवन ने नाबाद 86 रन की पारी खेली। इस तरह से वे बतौर भारतीय कप्तान पहले मैच में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। सचिन ने बतौर कप्तान अपने पहले मैच में श्रीलंका के ही खिलाफ 110 रन बनाए थे।
3- शिखर धवन के वनडे में 6 हजार रन भी पूरे हुए उन्होंने 140वीं पारी में यह कारनामा किया। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज विव रिचर्ड्स (141) और सौरभ गांगुली (147) को पीछे छोड़ा।
4- शिखर धवन के इंटरनेशनल क्रिकेट में (टेस्ट, वनडे, टी20) में 10 हजार रन पूरे हुए। वे ऐसा करने वाले 14वें भारतीय खिलाड़ी बने। सचिन तेंदुलकर ने सबसे अधिक 34357 रन बनाए हैं।
5- शिखर धवन ने बतौर ओपनर भी इंटरनेशनल क्रिकेट में (टेस्ट, वनडे, टी20) में 10 हजार रन पूरे किए। ऐसा करने वाले सिर्फ 5वें भारतीय। सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा और सुनील गावस्कर उनसे पहले ऐसा कर चुके हैं।
6- शिखर धवन ने बतौर कप्तान पहले ही मैच में जीत भी दिलाई। वे टीम इंडिया की ओर से वनडे में कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। धवन को 35 साल 225 दिन में यह मौका मिला।

