सदर थाना व ANTF की संयुक्त कार्रवाई, महिला तस्कर से MDMA और 4.16 लाख नकद जब्त

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

सदर थाना व ANTF की संयुक्त कार्रवाई, महिला तस्कर से MDMA और 4.16 लाख नकद जब्त

बीकानेर, दैनिक खबरां। पुलिस थाना सदर और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) जिला बीकानेर की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 27.20 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ MDMA (मेथिलीन डाइऑक्सी मेथैम्फेटामाइन), 4 लाख 16 हजार 30 रुपये की नकद राशि, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और जीपरयुक्त पारदर्शी प्लास्टिक थैलियां जब्त की गई हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भुट्टों का बास क्षेत्र निवासी शहजाद, उसकी पत्नी और पुत्र अवैध मादक पदार्थों की बिक्री में लिप्त हैं तथा घर पर दबिश देने पर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने की संभावना है।

सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस, ANTF टीम और डॉग स्क्वॉड ने संयुक्त रूप से भुट्टों का बास स्थित मकान पर दबिश दी।तलाशी के दौरान शहजाद के मकान से उसकी पत्नी सुगरा उर्फ सुगना पत्नी शहजाद (उम्र 40 वर्ष), निवासी मस्जिद के पास भुट्टों का बास, थाना सदर बीकानेर के कब्जे से MDMA, नकद राशि, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला का पति शहजाद भुट्टा और पुत्र जग्गु भुट्टा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था, जिसकी कड़ियों को जोड़ने के लिए गहन जांच जारी है।
इस कार्रवाई में सदर थाना पुलिस, ANTF टीम और डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।