बीकानेर में खौफनाक लूट: घर में घुसकर महिला का गला दबाया, सोने के जेवरात लेकर लुटेरा फरार

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर में खौफनाक लूट: घर में घुसकर महिला का गला दबाया, सोने के जेवरात लेकर लुटेरा फरार

Bikaner News दैनिक खबरां। बीकानेर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बांठिया चौक में मंगलवार रात करीब 7 बजकर 12 मिनट पर सनसनीखेज वारदात हुई। बदमाश ने घर में घुसकर महिला की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की और सोने के गहने लूटकर फरार हो गया। घटना बांठिया चौक निवासी सुरेश बांठिया के घर की है, जहां उनकी पत्नी पुष्पा देवी बांठिया उस समय अकेली मौजूद थीं।

पीड़ित परिवार के अनुसार सुरेश बांठिया कुछ देर के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दूध देने वाला दूध देकर निकल चुका था, तभी एक नकाबपोश युवक घर में घुस आया और सुरेश बांठिया के बारे में पूछते हुए उनका मोबाइल नंबर मांगने लगा। पुष्पा देवी द्वारा मना करने पर आरोपी आंगन की ओर बढ़ने लगा, जिस पर उन्होंने उसे घर में प्रवेश न करने को कहा, लेकिन वह नहीं रुका। आरोपी सीधे कमरे के दरवाजे तक पहुंच गया और अचानक पुष्पा देवी की गर्दन पकड़कर उन्हें घसीटते हुए आंगन के वॉश बेसिन के पास ले गया। यहां उसने उन्हें जमीन पर पटक दिया और खुद उनके पेट पर बैठकर गला दबाने लगा, जिससे पुष्पा देवी बेहोश हो गईं। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो उनके हाथों से सोने के कंगन और गले से सोने की चेन गायब थी, जबकि नाक में पहनी हीरे की नथ पास में गिरी मिली। वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और हालात का जायजा लिया। सीओ अनुज डाल ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए चार टीमें गठित की गई हैं और शहर में नाकाबंदी करवाई गई है।

पीड़ित सुरेश बांठिया का कहना है कि वे आमतौर पर घर से बाहर कम ही निकलते हैं और कई दिनों बाद थोड़ी देर के लिए बाहर गए थे, उसी दौरान यह वारदात हो गई, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी को उनकी दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। जिस तरह से सुरेश बांठिया के बाहर निकलते ही आरोपी ने घर में एंट्री की, उससे यह भी माना जा रहा है कि वारदात पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई और इसमें किसी नजदीकी व्यक्ति की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना बेहद गंभीर है और अगर पुष्पा देवी समय पर बेहोश नहीं होतीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।