जयपुर से बीकानेर आ रही स्लीपर बस हाईवे पर खड़े ट्रेलर से भिड़ी, आग लगते ही ऑटो लॉक में फंसी सवारियां, इमरजेंसी गेट से कूदकर बचाई जान
Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जयपुर से बीकानेर आ रही एक स्लीपर बस सड़क पर खड़े चारे से भरे ट्रेलर से टकरा गई, जिससे बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री समय रहते इमरजेंसी गेट के जरिए सुरक्षित बाहर निकल आए।
हादसा सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर की ओर करीब एक से दो किलोमीटर आगे सेसोमू स्कूल के पास हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेलर आगे चल रहे एक ट्रक से टकराने के बाद हाईवे पर ही खड़ा रह गया था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही मिलन ट्रेवल्स की स्लीपर बस खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी।
टक्कर के तुरंत बाद बस में आग भड़क उठी और बस का ऑटो लॉक सिस्टम सक्रिय हो गया, जिससे यात्रियों के अंदर फंसने का खतरा पैदा हो गया। आग तेजी से फैलने लगी और बस में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बस के पीछे बने आपातकालीन दरवाजे को खोला गया और एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
नाइट ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल बलवीर सिंह काजला ने बताया कि यदि बस में इमरजेंसी गेट नहीं होता, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था, क्योंकि आग लगने के बाद बस से बाहर निकलने का कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक स्लीपर बस, यात्रियों का सारा सामान और चारे से भरा ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। आग में यात्रियों का लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया।
इस हादसे में बस चालक को चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया है। अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

