खाजूवाला बॉर्डर पर हेरोइन बरामद, ड्रोन तस्करी की आशंका से एजेंसियां अलर्ट
बीकानेर, दैनिक खबरां। पाकिस्तान की ओर से नशे की तस्करी की कोशिशें लगातार सामने आ रही हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खाजूवाला थाना क्षेत्र में एक बार फिर मादक पदार्थ की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
बॉर्डर के समीप स्थित 40 केजेडी क्षेत्र में करीब आधा किलो (लगभग 500 ग्राम) हेरोइन मिलने की सूचना पर इंटेलिजेंस एजेंसियां और बीएसएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर मादक पदार्थ को अपने कब्जे में लिया और तत्पश्चात खाजूवाला पुलिस को अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही खाजूवाला पुलिस भी मौके पर पहुंची और बीएसएफ के साथ मिलकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हेरोइन की यह खेप ड्रोन के जरिए पाकिस्तान सीमा पार से भेजी गई हो सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इस इलाके में ड्रोन गतिविधियों की इनपुट मिलती रही हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं। बरामदगी के बाद आसपास के रेतीले इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य संदिग्ध वस्तु या मादक पदार्थ की मौजूदगी से इनकार किया जा सके।
फिलहाल एजेंसियां इस पूरे मामले में तस्करी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि स्थानीय स्तर पर किसी व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।

