
बीकानेर में 30 और 31 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी, संभाग में मौसम रहेगा सक्रिय
बीकानेर, दैनिक खबरां । मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग में आगामी दिनों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना जताई है। विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, 30 और 31 जुलाई को बीकानेर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके तहत कुछ क्षेत्रों में तेज़ हवाओं के साथ मूसलधार बारिश हो सकती है।
हालांकि, मंगलवार के लिए बीकानेर जिले में सीधे तौर पर बारिश का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन संभाग के अन्य जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में बीकानेर में भी छिटपुट बारिश या बादलों की आवाजाही से मौसम में बदलाव देखा जा सकता है।
विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जलभराव या आंधी-तूफान की स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की है। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे मौसम को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाएं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बीकानेर में उमस भरा मौसम बना हुआ है और लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब मौसम विभाग की यह चेतावनी शहरवासियों के लिए राहत की खबर भी हो सकती है।

