
मालगाड़ी की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल की मौत, पुलिस विभाग में शोक
दैनिक खबरां। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बोरानाडा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल भंवर सिंह की बुधवार देर रात सालावास रेलवे लाइन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।
घटना के चलते गुरुवार को प्रस्तावित ‘पुलिस होली स्नेह मिलन’ कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत हेड कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भंवर सिंह, जो नारायण सिंह के पुत्र थे, मूल रूप से बिलाड़ा क्षेत्र के संभाडिया गांव के निवासी थे। वर्तमान में वे जोधपुर के लक्ष्मण नगर में रह रहे थे और बोरानाडा थाने में ड्यूटी कर रहे थे।
बुधवार देर रात उनका शव सालावास रेलवे ट्रैक के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला। मालगाड़ी की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनके पैर शरीर से अलग हो गए। घटना स्थल के पास उनकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

