बस के कुचलने से युवती की मौत, एक दिन पहले बहन को स्कूल छोड़कर लौट रही थी घर, आज परिवार वालों ने सड़क पर जाम लगाया
जयपुर। जयपुर में तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार छात्रा को रौंद दिया। बस के पिछले टायरों के नीचे आने से छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने SMS हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आदर्श नगर थाने में मृतका के चाचा ने FIR दर्ज करवाई है। गुस्साए परिजनों ने रविवार सुबह एक्सीडेंट स्थल पर जाम लगा दिया। बस परिवहन बंद करने और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) के हैड कॉन्स्टेबल दिलीप सिंह ने बताया कि हादसे में टीला नंबर-6 जवाहर नगर निवासी कुंती (21) की मौत हो गई। वह अरावली कॉलेज में बीएड की स्टूडेंट थी। शनिवार को छोटी बहन डॉली को बोर्ड एग्जाम देने के लिए एमडी रोड स्थित एक स्कूल में छोड़ने गई थी। एग्जाम सेंटर पर छोटी बहन को छोड़कर सुबह करीब 8:20 बजे स्कूटी से वापस घर लौट रही थी।
तीन मूर्ति सर्किल से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाते समय राजपार्क चौराहे पर ओवर स्पीड लोक परिवहन बस ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। स्कूटी से उछलकर कुंती बस के पिछले टायरों के नीचे आ गई। हादसे के बाद मौके पर बस छोड़कर ड्राइवर भाग निकला। लोगों ने गंभीर हालत में कुंती को SMS हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
रोड जाम कर किया प्रदर्शन
एक्सीडेंट के विरोध में परिजनों सहित काफी संख्या में लोग रविवार सुबह राजापार्क चौराहे पर इकट्ठा हुए। सुबह करीब 10 बजे लोगों ने रोड जाम कर दिया। रोड जाम कर लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। रोड जाम कर प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आलाधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से समझाइस की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पहले भी इस रोड एक्सीडेंट में कई लोगों की मौत हो चुकी है। इस रुट पर बस संचालन बंद करने और बेटी की मौत को लेकर मुआवजे की मांग की है। करीब 3 घंटे चले धरने के बाद पुलिस अधिकारियों ने समझा कर मामले को शांत कराया। संविदा पर परिवार के एक सदस्य को नौकरी, डेयरी बूथ और चिरंजीवी योजना के तहत 5 लाख रुपए की मांग पर सहमती बनी है।

