पूर्व पार्षद के बेटे की हत्या, इलाके में तनाव का माहौल, अलर्ट पर पुलिस, धारा 144 लागू…..
Chittorgarh Murder
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पूर्व पार्षद के बेटे की हत्या, इलाके में तनाव का माहौल
अलर्ट पर पुलिस, धारा 144 लागू
चित्तौड़गढ़, @Dainikkhabraan। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पूर्व पार्षद के बेटे पर कुछ लोगों ने देर रात हमला कर दिया। हमलावरों ने शख्स पर धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में शख्स की मौत हो गई। शख्स की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
सुभाष चौक इलाके का है मामला
जानकारी के मुताबिक, ये मामला चित्तौड़गढ़ के सुभाष चौक इलाके का है। इलाके के पूर्व पार्षद जगदीश सोनी के बेटे राकेश उर्फ रतन सोनी पर देर रात कुछ हमलावरों ने हमला कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि शख्स पर समुदाय विशेष के लोगों ने हमला किया था। देर रात शख्स की हत्या के बाद सुभाष चौक में सैकड़ों लोग इकठ्ठा हो गए।
दो आरोपियों को किया गया डिटेन
चित्तौड़गढ़ पुलिस ने ट्वीट करते हुए बताया कि 31 मई की रात को हुई हत्या के मामले मे पुलिस थाना कोतवाली चितौड़गढ़ द्वारा प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को डिटेन कर लिया है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस द्वारा गश्त और निगरानी जारी है।
अलर्ट पर पुलिस, धारा 144 लागू
हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद पुलिस अलर्ट पर आ गई। इसके बाद शहर में बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है। एकत्रित लोगों ने आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे से कोतवाली थाने तक जाम लगा दिया। हालांकि, पुलिस की समझाने के बाद ही मामला शांत हुआ. शहर में धारा 144 लगा दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि रत्न सोनी की मौत सिर पर चोट लगने की वजह से हुई।
इधर, चित्तौड़गढ़ में युवक की हत्या मामले में एसपी प्रीति जैन ने बताया की मृतक और हमलावर साथ में शराब पी रहे थे। उस दौरान मृतक रतन सोनी और हमलावरों के बीच कहासुनी हो गई। रतन ने समुदाय विशेष में से किसी एक को थप्पड़ जड़ दिया जिससे नाराज हो कर सामने वाले चार लोगों ने रतन के सिर पर लाठियों से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को डिटेन किया है।

