वोट नहीं देने पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 15 से 20 लोग गांव में घुसे, 3 बच्चों सहित 10 घायल; 2 की हालत गंभीर

राजस्थान राज्य

वोट नहीं देने पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 15 से 20 लोग गांव में घुसे, 3 बच्चों सहित 10 घायल; 2 की हालत गंभीर

बाड़ी (धौलपुर)। विधानसभा चुनाव के बाद भी कुछ इलाकों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को कटिंग कराने बाजार गए 2 युवकों को कुछ लोगों ने पीट दिया। दोनों युवक जान बचाकर जैसे-तैसे घर पहुंचे। तभी पीछे से आए 15 से 20 लोगों ने गांव में घुसकर, जो मिला उसे पीटा। इस दौरान 3 बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। इनमें से एक युवक की स्थिति ज्यादा खराब होने पर जयपुर रेफर किया गया। मामला धौलपुर के बाड़ी विधानसभा क्षेत्र के कंचनपुर इलाके का है।

कंचनपुर एसएचओ योगेंद्र शर्मा ने बताया- पंजीपुरा गांव निवासी भरत सिंह (50) ने बताया कि उसका बेटा जगन (22) और भाई का बेटा सचिन (23) शाम करीब 4:30 बजे महुआ खेड़ा में बाल कटवाने के लिए गए थे। वोट नहीं देने को लेकर दुकान पर ही दूसरे पक्ष के लोगों से झगड़ा हो गया। उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। इसके बाद बेटा घर लौटा तो उसने झगड़े के बारे में बताया। मैंने कहा कि कोई बात नहीं। सुबह से खाना नहीं बना है, तुम खाना बना लो। जगन आटा गूंथने लगा। थोड़ी देर बाद करीब 5 बजे महुआ खेड़ा के 15 से 20 लोग आए और मारपीट करना शुरू कर दिया। पहले से इनलोगों से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने कहा कि तुमने ‘फूल’ में वोट क्यों नहीं दिया। इस दौरान महुआ खेड़ा निवासी अशोक ने आकर छत से गोली चलाई।

वोट को लेकर हुआ था विवाद
घायल सचिन ने बताया- महुआ खेड़ा में कुछ युवकों ने कहा कि आपने ‘फूल’ को वोट नहीं दिया है। हमने कहा कि हमारा ‘हाथी’ है तो हम ‘हाथी’ को देंगे। इसके बाद वहां झगड़ा हो गया। हम बस स्टैंड आ गए। वहां भी पीछा कर रहे युवकों ने आकर मारपीट की। इसके बाद वे गांव में हमारे घर पहुंचे और जमकर मारपीट की। फायरिंग भी की।

अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार, अब तक 10 घायलों को अस्पताल में लाया गया है। इनमें शिवा (11) पुत्र गुड्डा, संदीप (14) पुत्र मान सिंह, ललित (15) पुत्र भूरा, रंजीत (25) पुत्र रामवीर, सुंदर (10) पुत्र राजू, जगन (22) पुत्र भरत सिंह, सचिन (23) पुत्र रवि, राम (40) पत्नी रामवीर, प्रेम सिंह (42) पुत्र मदई राम, छोटू (17) पुत्र प्रताप सिंह शामिल हैं। इनमें जगन और सचिन को इलाज के लिए धौलपुर रेफर कर दिया गया है। जगन की हालत ज्यादा गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया गया है।

पुलिस बोली- गन शॉट का मामला हो सकता है
कंचनपुर एसएचओ योगेंद्र शर्मा ने कहा- मामले की जानकारी मिलते ही पंजीपुरा गांव पहुंचे हैं। मामले की जांच की जा रही है। घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया है। अभी परिजनों द्वारा कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। गन शॉट का मामला हो सकता है। प्राथमिक तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है।