बीकानेर में फिल्मी अंदाज़ में वारदात: कार रोककर युवक पर हमला, 50 हजार रुपये लूटकर बदमाश फरार
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में सोमवार रात कार सवार युवक पर हमला करने और गाड़ी में तोड़फोड़ कर नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पंवारसर कुआं, पुरानी गिन्नाणी निवासी संदीप गहलोत (31) पुत्र राजेन्द्र कुमार गहलोत ने रिपोर्ट दी कि वह 2 मार्च 2026 को रात करीब 8:55 बजे अपनी कार टाटा कर्व (RJ07 CE 9726) से गंगाशहर स्थित अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गोगागेट चौराहे से आगे धारणियां ऑटो मोबाइल के पास 2-3 बाइक पर सवार 4-5 युवक आए और कार के आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया।
आरोप है कि युवकों के हाथों में लाठी-डंडे और सरिये थे। कार से नीचे उतरते ही आरोपियों ने संदीप गहलोत के साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से उस पर हमला किया। इससे घबराकर वह अपनी जान बचाने के लिए वहां से पैदल ही भागकर सुरक्षित स्थान पर चला गया।
पीड़ित के अनुसार मारपीट के दौरान उसके गले की करीब 3-4 तीलों की सोने की चेन वहीं गिर गई। जब वह वापस कार के पास पहुंचा तो देखा कि हमलावरों ने उसकी कार के शीशे तोड़कर वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। साथ ही कार में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद भी आरोपी लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने कोटगेट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 307, 324(4) व 189(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई जिले सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

