डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा बने एसपी मेडिकल कॉलेज के नए प्राचार्य, डॉ. दवा को मिल सकती है पीबीएम अधीक्षक की कमान
बीकानेर, दैनिक खबरां । राज्य सरकार ने बुधवार को चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के जनरल मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक पद का दायित्व सौंपा है। यह आदेश अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगा।
गौरतलब है कि वर्तमान प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी का कार्यकाल 10 अक्टूबर 2025 को समाप्त हो रहा है। इसी बीच सरकार ने अनुभवी और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वर्मा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. वर्मा लंबे समय से मेडिकल कॉलेज में विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाते आ रहे हैं और चिकित्सा क्षेत्र में अपनी सादगी, दक्षता और सेवा भावना के लिए जाने जाते हैं।
इधर, विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक पद पर डॉ. मनोहर लाल दवा की नियुक्ति की संभावना जताई जा रही है। इस संबंध में सरकार द्वारा जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किए जा सकते हैं।

