कर्ज में डूबे ठेकेदार ने परिवार सहित पीया जहर, बेटी ने सूझबूझ दिखाते हुए बचाई सबकी जान

जयपुर राजस्थान राज्य

कर्ज में डूबे ठेकेदार ने परिवार सहित पीया जहर, बेटी ने सूझबूझ दिखाते हुए बचाई सबकी जान

अजमेर। अजमेर के अलवरगेट थाना क्षेत्र के कल्याणीपुरा में रहने वाले एक ठेकेदार ने आत्महत्या करने के लिए परिवार सहित विषाक्त का सेवन कर लिया। बेटी ने पुलिस को सूचित कर दिया तो जान जाने से पहले उपचार शुरू हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात ठेकेदार राकेश कुडिय़ा (40) ने पत्नी ज्योति कुडिय़ा (35) एवं तीन बच्चों के साथ दूध में मिलाकर विषाक्त का सेवन कर लिया, लेकिन उसकी 14 वर्षीय बेटी अनोखी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्वयं तो दूध नहीं पीया, बल्कि पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दे दी।

रात में ही अलवरगेट थाने को कन्ट्रोल से सूचना मिलने पर जाप्ते सहित पुलिस मौके पर आ गई और समय रहते सभी को उपचार के लिए राजकीय जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां सभी उपचारत हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कर्ज में डूबा राकेश फाइनेंस कम्पनी से परेशान था। उसने रात में ही विषाक्त का सेवन कर लिया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।