शादियों के सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा,150 किलो दूषित चाशनी व 90 किलो भुजिया नष्ट
बीकानेर,दैनिक खबरां। शादी समारोहों के सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिलेभर में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को विभाग की टीमों ने शहर और खाजूवाला क्षेत्र में सघन निरीक्षण कर नमूने लिए और बड़ी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट करवाई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि दो अलग-अलग दलों द्वारा कार्रवाई की गई।
पहले दल ने कोयला गली और केईएम रोड क्षेत्र में भाटी पनीर भंडार, विष्णु शुद्ध घी भंडार, गोपाल देशी घी, शिव शुद्ध घी भंडार और जगदम्बा घी भंडार समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने रिफाइंड पॉमोलिन तेल और वनस्पति घी के कुल 8 नमूने लिए।
कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर स्पष्ट रूप से उल्लेख करें कि वे कौन-सा उत्पाद बेच रहे हैं, ताकि आमजन को घी के नाम पर भ्रमित न किया जा सके।
दूसरे दल ने खाजूवाला तहसील में शिकायतों के निस्तारण के तहत निरीक्षण किया। टीम ने घी, नमकीन, मिठाई, मावा, तेल और लड्डू के 6 नमूने लिए। मौके पर ही लगभग 150 किलो दूषित चाशनी, 90 किलो भुजिया और अन्य मिठाइयां नष्ट करवाई गईं। कुल 14 नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, सुरेंद्र कुमार, भानु प्रताप सिंह और राकेश गोदारा की टीमों ने यह कार्रवाई की। डॉ. साध ने कहा कि शादियों के मौसम में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगी।

