कांग्रेस के शहर व देहात के नए अध्यक्ष अगले महीने होंगे तय,युवाओं और महिलाओं को मिलेगी त्वज्जो
दैनिक खबरां,बीकानेर। कांग्रेस संगठन में अगले एक महीने के भीतर शहर और देहात के नए अध्यक्षों का चयन किया जाएगा। पार्टी इस प्रक्रिया में सभी की राय, संतुलन और जातीय प्रतिनिधित्व का विशेष ध्यान रखेगी। युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
रायशुमारी से बनेगा नया नेतृत्व
कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पर्यवेक्षक राजेश लीलोठिया ने बुधवार को बीकानेर कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि अध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति और सक्रियता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिला स्तर पर संगठन में बदलाव की प्रक्रिया जारी है और इसके बाद राज्य स्तर पर भी नए बदलाव किए जाएंगे।
जितनी संख्या, उतना प्रतिनिधित्व
लीलोठिया ने कहा, “राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश है — जहां जिसकी जितनी संख्या, वहां उतना प्रतिनिधित्व।” इससे पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य युवाओं, किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों को पार्टी से जोड़ना है। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की आवाज़ शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
30 नामों में से चुना जाएगा 6 सदस्यीय पैनल
पर्यवेक्षक ने बताया कि शहर और देहात अध्यक्ष पद के लिए लगभग 30 नामांकन आए हैं। इनमें से सर्वसम्मति और सक्रियता के आधार पर छह-छह नामों का पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
युवाओं और महिलाओं को मिलेगा प्रमुख स्थान
लीलोठिया ने कहा कि कांग्रेस अब नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना चाहती है। योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी जाएगी। जो अध्यक्ष नहीं बनेंगे, उन्हें अन्य संगठनों में भूमिका दी जाएगी ताकि हर कार्यकर्ता सक्रिय रहे।
प्रेस वार्ता में विधायक शिमला नायक, मनीष मक्कासर, अंकित, शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

