कांग्रेस ने राजस्थान में बीकानेर सहित दस सीटों पर बदलेंं उम्मीदवार, तीन सीटों पर मौजूदा विधायकों को मिला टिकट
जयपुर। लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने 10 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। एक दिन पहले कांग्रेस में आए राहुल कस्वां को चूरू से टिकट दिया गया है। भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था। इसी तरह, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जालोर-सिरोही से उम्मीदवार बनाया गया है। पिछली बार वैभव ने जोधपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
बीकानेर से गोविंद मेघवाल, चूरू से राहुल कस्वां, झुंझुनूं से बृजेंद्र ओला, अलवर से ललित यादव, भरतपुर से संजना जाटव, टोंक से हरीश मीणा, जोधपुर से करण सिंह उचियरड़ा,जालोर-सिरोही से वैभव गहलोत, उदयपुर से ताराचंद मीणा, चित्तौड़गढ़ से उदयलाल आंजना को टिकट दिया है।
कांग्रेस ने सभी 10 सीटों पर उम्मीदवार बदले
कांग्रेस ने सभी 10 सीटों पर नए उम्मीदवार उतारे हैं। पिछली बार के किसी उम्मीदवार को सेम सीट पर टिकट नहीं दिया है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत पिछला चुनाव जोधपुर सीट पर लड़े थे। इसी तरह बीकानेर सीट से पिछले उम्मीदवार मदन गोपाल मेघवाल का टिकट काटकर गोविंद मेघवाल को दिया है। चूरू से पिछले उम्मीदवार रफीक मंडेलिया, झुंझुनू से श्रवण कुमार, भरतपुर से अभिजीत जाटव, टोंक से नमोनारायण मीणा के टिकट काट दिए हैं। उदयलाल आंजना को पिछली बार जालोर-सिरोही से टिकट दिया था। इस बार उन्हें चित्तौड़गढ़ से टिकट दिया है। वैभव गहलोत पिछली बार जोधपुर से लड़े थे। इस बार जालोर-सिरोही से उतारा है।
तीन सीटों पर मौजूदा विधायकों को टिकट
तीन सीटों पर विधायकों को लोकसभा टिकट दिया गया है। झुंझुनूं से विधायक बृजेंद्र सिंह ओला, टोंक-सवाईमाधोपुर से हरीश मीणा और अलवर से ललित यादव को टिकट दिया गया है।
IAS ताराचंद मीणा, संजना जाटव, उचियारड़ा नए चेहरे
कांग्रेस ने IAS अफसर ताराचंद मीणा को नए चेहरे के तौर पर उदयपुर से टिकट दिया है। भरतपुर से नए युवा चेहरे के तौर पर संजना जाटव को मैदान में उतारा है। जोधपुर सेराजपूत चेहरे के तौर पर कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा को टिकट दिया है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह के सामने करण सिंह उचियारड़ा, अर्जुन मेघवाल के सामने गोविंद मेघवाल
कांग्रेस के 10 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही प्रदेश कांग्रेस-बीजेपी उम्मीदवार आमने-सामने हो गए हैं। जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने कांग्रेस ने नए चेहरे के तौर पर करण सिंह उचियारड़ा को उम्मीदवार बनाया गया है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल के सामने कांग्रेस ने बीकानेर से पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल को टिकट दिया है।

