कम्युनिस्ट पार्टी ने श्रीडूंगरगढ़ से गिरधारी महिया को एक बार फिर मैदान में उतारा
बीकानेर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) ने बीकानेर की श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा से मौजूदा विधायक गिरधारी महिया को एक बार फिर उम्मीदवार बना दिया है। गिरधारी महिया सरपंच से विधायक तक इसी पार्टी के बूते ही बने हैं। अब विधायक बनने के लिए वे दूसरी बार मैदान में है। उनके सामने भारतीय जनता पार्टी के ताराचंद सारस्वत पहले ही ताल ठोक चुके हैं, वहीं कांग्रेस का उम्मीदवार अभी तय नहीं है। कम्युनिस्ट पार्टी ने सोमवार को अपनी लिस्ट जारी की, जिसमें बीकानेर के डूंगरगढ़ से गिरधारी महिया को टिकट दिया गया। महिया ने पिछले चुनाव में 72 हजार 376 वोट हासिल किए थे। यहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही। कांग्रेस के मंगलाराम गोदारा को 48 हजार 480 वोट मिले। वहीं भाजपा यहां तीसरे नंबर पर रही। भाजपा की ओर से ताराचंद सारस्वत उम्मीदवार थे। इस विधानसभा में पिछली बार एक लाख 74 हजार 831 मतदाताओं ने वोट दिया था। त्रिकोणीय मुकाबला होने से मतदान अधिक हुआ। इस बार भी मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद की जा रही है। कांग्रेस की ओर से भी एक लिस्ट सोमवार को जारी की गई लेकिन इसमें बीकानेर के शेष रहे तीन में से एक भी उम्मीदवार का नाम नहीं है। श्रीडूंगरगढ़ से पूर्व विधायक मंगलाराम ही टिकट मांग रहे हैं। मंगलाराम के अलावा भी दावेदार हैं। अब तक लिस्ट जारी नहीं होने से कांग्रेस की दावेदारी पर संशय जताया जा रहा है।

