बीकानेर : नामांकन के पहले दिन इस विधानसभा से भरा गया पहला पर्चा

बीकानेर राजनीति

बीकानेर। विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का मैदान में आना शुरू हो गया है। जिले की सात विधानसभा सीट्स में सिर्फ नोखा के लिए एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल किया है। वहीं शेष छह विधानसभा सीट्स पर पहले दिन किसी ने पर्चा नहीं भरा।

जिला कलेक्टर और मुख्य निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रकिया प्रारम्भ हो गई। नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से 1 नामांकन पत्र प्रस्तुत किया गया। नोखा विधानसभा क्षेत्र से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में वासुदेव बड़गूजर ने नामांकन दाखिल किया। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए नामांकन 6 नवम्बर तक जारी रहेगा। आवेदन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। रविवार को आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। संबंधित विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालय में प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल किया जा रहा है।

उम्मीदवार तय होने शेष

अब तक अधिकांश विधानसभा सीट्स पर उम्मीदवार ही तय नहीं हुए हैं। बीकानेर पश्चिम से कांग्रेस और भाजपा दोनों अपने उम्मीदवार तय कर चुके हैं लेकिन दोनों ही नवम्बर के शुरूआती दो-तीन दिन में नामांकन पेश करेंगे। इसी तरह नोखा में भी कांग्रेस-भाजपा के प्रत्याशी तय हैं लेकिन दोनों उममीदवार अभी रुके हुए हैं। खाजूवाला में कांग्रेस ने उम्मीदवार तय कर दिया लेकिन भाजपा प्रत्याशी सामने नहीं आया है। इसी तरह श्रीडूंगरगढ़ में भाजपा से ताराचंद सारस्वत और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के गिरधारी महिया उम्मीदवार बने हैं लेकिन कांग्रेस का प्रत्याशी यहां तय नहीं है। बीकानेर पूर्व से कांग्रेस का उम्मीदवार अभी तय नहीं है जबकि भाजपा से सिद्धिकुमारी प्रत्याशी है।