



समर्थन मूल्य खरीद में कलेक्टर ने दी बड़ी राहत: बिजली बिल सहित दस्तावेज़ नियमों में ढील, विधायक सारस्वत की पहल लाई रंग
दैनिक खबरां, बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत की पहल पर जिला कलेक्टर नम्रता वृष्टि ने समर्थन मूल्य पर मूंगफली और मूंग खरीद के दौरान किसानों को हो रही दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए दस्तावेज़ सत्यापन से जुड़ी बड़ी राहतें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी हैं। विधायक सारस्वत ने कलेक्टर से मुलाकात कर बताया कि पंजीयन प्रक्रिया, पानी की पर्ची, बिजली बिल और सोलर कनेक्शन के भौतिक सत्यापन में किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश जारी किए कि वास्तविक काश्तकारों के दस्तावेज़ों को व्यावहारिकता के आधार पर स्वीकार किया जाए।
कलेक्टर ने आदेश दिया है कि यदि खेत का बिजली बिल किसान के पिता, माता, दादा-दादी, भाई या पत्नी के नाम पर हो, तो उसे वैध मानते हुए माल की खरीद की जाए। साथ ही, जिन किसानों ने नया खेत खरीदा है और बिजली बिल अभी भी पूर्व मालिक के नाम है या नामांतरण प्रक्रिया जारी है, उनके लिए नाम परिवर्तन की रसीद या रजिस्ट्री की कॉपी को पर्याप्त दस्तावेज माना जाएगा और उनका टोकन स्वीकार किया जाएगा।
इन त्वरित सुधारों से किसानों में संतोष की लहर देखी जा रही है। विधायक सारस्वत ने कहा कि प्रशासन के इस निर्णय से समर्थन मूल्य पर उपज बेचने की प्रक्रिया अब किसानों के लिए अधिक सहज और सुगम होगी।

