सीएम भजनलाल बोले-बिजली कंपनियों को कर्ज में डुबो गए गहलोत, 90 हजार करोड़ का घाटा देकर गए; हमने किसानों के लिए काम किया
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर बिजली कंपनियों को कर्ज में डुबोने का आरोप लगाया है। भजनलाल शर्मा ने कहा- राजस्थान में जब-जब कांग्रेस की सरकार आई है, बिजली कंपनियों को कर्ज में डुबोने का काम किया। 2008 से 2013 में कांग्रेस की सरकार रही। इस दौरान इन्होंने बिजली कंपनियों पर 65 हजार करोड़ रुपए का कर्ज छोड़ा।
2014 में केंद्र में हमारी सरकार आई तो सबसे पहले कुसुम योजना के नाम से 62 हजार करोड़ रुपए चुकाने का काम किया, लेकिन जैसे ही 2018 में राज्य में सरकार बदली, एक बार फिर बिजली कंपनियों को कर्ज में डुबो दिया गया। 2023 में फिर हमारी सरकार बनी तो कांग्रेस सरकार पिछले कर्ज के मुकाबले इस बार 90 हजार करोड़ का घाटा हमें देकर गई।
मुख्यमंत्री ने कहा- कांग्रेस की सरकार के समय 300 करोड़ रुपए का घाटा समय पर लोन लेकर किस्त नहीं भरने से हुआ। जब लोन लेकर ही कर्ज चुकाना चाहते थे तो उस लोन को पहले भी ले सकते थे। मुख्यमंत्री ने पीएम कुसुम सौर पंप संयंत्र स्वीकृति पत्र वितरण समारोह में यह बात कही।
राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, दुर्गापुरा में आयोजित समारोह में सीएम भजनलाल ने कहा- राजस्थान सरकार 50 हजार से ज्यादा किसानों को सब्सिडी पर सोलर पंप देने जा रही है। इन सोलर पंप पैनल के लिए 908 करोड़ रुपए सब्सिडी पर खर्च होंगे। राज्य सरकार इन सौर ऊर्जा संयंत्र के माध्यम से लगभग 200 मेगावाट बिजली का उत्पादन करेगी। इससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की उपलब्धता पर निर्भर नही रहना पड़ेगा। साथ ही सरकार पर भी कृषि बिजली कनेक्शन और उस पर दी जाने वाली सब्सिडी की समस्या से छुटकारा मिल सकेगा।
किसान के लिए नारे देने वाले बहुत हैं, लेकिन काम करने वाले पीएम मोदी ही
मुख्यमंत्री ने कहा- राजस्थान में जब-जब हमारी पार्टी की सरकार आई, किसानों के हित में काम किया। चाहे भैरोंसिंह शेखावत हों, वसुंधरा राजे या मेरा तीन महीने का कार्यकाल। हमने सबसे ज्यादा काम किसान के हितों के लिए किया। किसान हमारे देश-प्रदेश को आगे लाने में मदद करते हैं। राजस्थान के किसान सभी तरह की फसल उगाते हैं। कई फसलों में हम अव्वल हैं। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ अनाज का कटोरा है। यहां सबसे ज्यादा अनाज होता है। पीएम नरेंद्र मोदी और हमारी सरकार किसान के लिए चिंतित है। किसान के लिए नारे देने वाले बहुत हैं, लेकिन काम करने वाले पीएम मोदी ही हैं। पूर्व में भी अटल बिहारी वाजपेयी, वसुंधरा राजे और भैरोंसिंह शेखावत ने कई काम किसानों के लिए किए। अटल बिहारी वाजपेयी नदियों को जोड़ने की योजना लाए। चौधरी चरण सिंह ने किसानों के लिए काम किए।
पानी और किसान दोनों प्राथमिकता: सीएम
सीएम बोले- जब चुनाव आते हैं तो लोग लोक लुभावन वादे करते हैं, लेकिन आपने देखा है कि अभी हमारी सरकार को आए 3 महीने ही हुए हैं और हमने अपने काम, अपने वादे पूरे करना शुरू कर दिए हैं। हमारी पहली प्राथमिकता पेयजल को लेकर है। सीकर, चूरू, झुंझुनूं को लेकर पहले से ही समझौता था। लेकिन, जब कांग्रेस की सरकार बनी तो समझौता खत्म हो गया। अब जब हरियाणा और राजस्थान, दोनों जगह भाजपा की सरकार है तो समझौता हो गया। देवास योजना से भी बहने वाला पानी रोकने की तैयारी है। पानी और किसान, दोनों प्राथमिकता हैं।

