बच्चों के चेहरे खिले,शिक्षा विभाग ने घोषित की 13 दिन की छुट्टियाँ, अवकाश में स्कूल खोले तो होगी कार्रवाई

बीकानेर राजस्थान राज्य शिक्षा

बच्चों के चेहरे खिले,शिक्षा विभाग ने घोषित की 13 दिन की छुट्टियाँ, अवकाश में स्कूल खोले तो होगी कार्रवाई

बीकानेर, दैनिक खबरां । शहर और जिले के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। शिक्षा विभाग ने 13 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2025 तक मध्यावधि अवकाश घोषित किया है। यानी बच्चों को अब पूरे 13 दिन की छुट्टियाँ मिलेंगी। वहीं, इस दौरान किसी भी निजी विद्यालय के संचालन पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, कुछ निजी विद्यालयों द्वारा पहले भी शिविरा पंचांग के अनुसार अवकाश न देने और कक्षाएं चलाने की शिकायतें मिली थीं। विभाग ने इसे नियमों की अवहेलना मानते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवधि में कोई भी शैक्षणिक गतिविधि, परीक्षा या अतिरिक्त क्लास नहीं होगी।

विभाग ने सभी गैर सरकारी विद्यालयों को चेतावनी दी है कि यदि अवकाश के दौरान विद्यालय खुले पाए गए तो उनके खिलाफ गैर सरकारी शिक्षण संस्थान अधिनियम 1989, 1993 एवं संशोधित 2011 के तहत कार्रवाई की जाएगी और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के निजी विद्यालयों को शिविरा पंचांग की पालना करवाना सुनिश्चित करें। यदि किसी स्कूल में अवकाश के दौरान गतिविधियाँ होती मिलीं तो तत्काल रिपोर्ट तैयार कर जिला कार्यालय को भेजी जाए।

इस आदेश से जहाँ अभिभावक और विद्यार्थी प्रसन्न हैं, वहीं कई स्कूल प्रबंधन अब सतर्क हो गए हैं। बच्चों में अवकाश को लेकर उत्साह है कहीं घूमने की योजना तो कहीं घर पर आराम का मौका, वहीं विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि छुट्टियों के नाम पर नियमों की अनदेखी नहीं चलेगी।