सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट मुंबई को मिला “प्रवासी राजस्थानी सम्मान 2025”
मुख्यमंत्रीने सूरत में किया सम्मानित, बीकानेर में 100 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं से जनसेवा का उदाहरण
बीकानेर, दैनिक खबरां । त्याग, सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई को “प्रवासी राजस्थानी सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सूरत के मेरियट होटल में आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान ट्रस्ट के संस्थापक कन्हैयालाल मूंधड़ा की ओर से उनके छोटे भाई देवकिशन मूंधड़ा को प्रदान किया।
ट्रस्ट प्रतिनिधि द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि ट्रस्ट अपनी जन्मभूमि बीकानेर और कर्मभूमि मुंबई दोनों के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बीकानेर संभाग के मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा 100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से पीबीएम अस्पताल में अत्याधुनिक मेडिसिन विंग का निर्माण कराया जा रहा है।
इसके साथ ही ट्रस्ट ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए गीता देवी बागड़ी उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय की स्थापना की है, जहां वर्तमान में लगभग 1100 छात्राएं अध्ययनरत हैं। शिक्षा से वंचित दिव्यांग बालिकाओं को भी मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ट्रस्ट ने राजकीय नेत्रहीन छात्रावासित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीकानेर में दिव्यांग बालिकाओं के लिए छात्रावास बनवाया है।
ट्रस्ट की आगामी योजना के तहत नापासर में बालिकाओं के लिए खेल मैदान का निर्माण प्रस्तावित है। श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल ट्रस्ट ने चिकित्सा, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज को नई दिशा प्रदान की है।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि मूंधड़ा परिवार ने अपने परिश्रम की कमाई का बड़ा हिस्सा समाजसेवा को समर्पित कर यह उदाहरण प्रस्तुत किया है कि सच्ची सफलता वही है जो दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाए।

