BKN सम्भाग में मजदूर की मौत पर 5 लाख रुपए मुआवजे के लिए मांगी 1 लाख की घूस, रंगे हाथ गिरफ्तार….

चुरू देश पुलिस कार्रवाई बीकानेर राजस्थान राज्य

चुरू, @dainikkhabraan। बीकानेर संभाग के चूरू जिले की एसीबी टीम ने सोमवार को श्रम विभाग के अफसर पर कार्रवाई करते हुए उसके ड्राइवर को एक लाख की रिश्वत का चेक लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मामले में आरोपी विक्रम सिंह श्रम विभाग में डिप्टी मैनेजर है। इसके ड्राइवर मोहम्मद आरिफ को एसीबी ने गिरफ्तार किया। दरअसल, विक्रम सिंह द्वारा पीड़ित से उसके भाई की मौत पर मिलने वाली 5 लाख के मुआवजे की राशि में से एक लाख की रिश्वत ली जा रही थी।

मामला अगस्त 2020 का है। एक श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई थी। कई महीनों तक चप्पल घिसने के बाद भी मृतक श्रमिक के भाई को मुआवजा नहीं मिला तो किसी ने सलाह दी कि बगैर पैसे काम नहीं होगा। इसके लिए पीड़ित विभाग के डिप्टी मैनेजर विक्रम सिंह से मिला। आरोप है कि विक्रम सिंह ने 25 प्रतिशत के हिसाब से रुपए लगने की बात कही। इसके बाद हां करने पर ड्राइवर मोहम्मद आरिफ से मिलने के लिए कहा। इसकी शिकायत पीड़ित ने एसीबी में आकर कर दी। एसीबी के सत्यापन के दौरान ड्राइवर आरिफ ने परिवादी से कहा कि पांच लाख का 25 प्रतिशत सवा लाख रुपए बनता है, लेकिन तुम एक लाख रुपए दे देना। नकद नहीं होने पर चेक लेने के लिए हां कर दी। इसके बाद सुबह चेक लेने की बात कही तो उसने ऑफिस ही बुला लिया।

श्रम विभाग में अनुबंधित गाड़ी का ड्राइवर मोहम्मद आरिफ बहुत ही शातिर है। पैसे के लिए पीड़ित को श्रम विभाग के दफ्तर बुलाया। इसके बाद जब पीड़ित दफ्तर पहुंचा तो उसे बाजार में बुलाया। बाजार में पहुंचने पर कार में बिठाकर घुमाता रहा। इतना ही नहीं, जब उसे यकीन हो गया कि कोई खतरा नहीं है तो एक स्टेशनरी की दुकान पर बैठकर चेक लिया है।

एसीबी ने ड्राइवर को पकड़ने के बाद डिप्टी मैनेजर विक्रम सिंह के बारे में जानकारी जुटाई तो पता लगा कि वह लद्दाख घूमने गया है। ड्राइवर के बयान और सत्यापन के आधार पर एसीबी उसे आते ही गिरफ्तार कर लेगी। एसीबी के डीएसपी आनंदप्रकाश स्वामी ने बताया कि वि​क्रम सिंह के खिलाफ हमारे पास एविडेंस हैं। उसके आने का इंतजार कर रहे हैं। विक्रम सिंंह ही क्लेम पास करने वालों में फाइनल अथॉरिटी हैं।