अज्ञात वाहन की टक्कर से बाईक सवार व्यक्ति हुआ घायल, ईलाज के दौरान हुई मौत
दैनिक खबरां, बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र में बीकानेर–नापासर मार्ग पर गाढ़वाला टोल प्लाज़ा के निकट शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में नापासर निवासी व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनश्याम सोनी पुत्र स्व. बुलाकीदास सोनी, निवासी रोशनीघर के पास, स्टेशन रोड नापासर के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार 21 नवम्बर को शाम 6 से 7 बजे के बीच धनश्याम सोनी अपनी मोटरसाइकिल आरजे 07 जेएस 3911 (हीरो होंडा स्प्लेंडर) पर बीकानेर से नापासर लौट रहे थे। इसी दौरान गाढ़वाला टोल प्लाज़ा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल धनश्याम को एम्बुलेंस द्वारा तत्काल पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात ईलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में शनिवार सुबह मृतक के पुत्र रामकिशन सोनी ने पुलिस को सूचना दी । प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर नापासर थाना पुलिस ने मामले में धारा 281 व 106(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

