बीकानेर में 786 साइक्लिस्टों की रेस : 20 राज्यों व विदेशी धावक शामिल, 100-200 किमी रेस में 27 लाख के पुरस्कार
दैनिक खबरां,बीकानेर। साइक्लिंग के क्षेत्र में बीकानेर ने रविवार को नया इतिहास रच दिया। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पहल पर आयोजित ‘वेदांता टूर डी थार’ साइक्लिंग रैली में देश और विदेश के 786 साइकिल धावक बीकानेर की धरती पर उतरे। रैली का शुभारंभ नौरंगदेसर टोल प्लाजा से हुआ, जहां केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी, फिटनेस और पर्यटन विकास का संदेश दिया।
रैली में फ्रांस, स्विट्जरलैंड, जर्मनी, सिंगापुर सहित भारत के 20 राज्यों के धावक शामिल हैं। बीकानेर के 250 से अधिक साइक्लिस्टों ने भी पंजीकरण करवाया है। प्रतियोगिता में 100 और 200 किलोमीटर की दो श्रेणियां रखी गई हैं, जिनमें कुल 27 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि है।
‘टूर डी फ्रांस’ की तर्ज पर आयोजित यह रैली उसी स्थान से शुरू हुई, जहां वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन हुआ था। आयोजन सांसद खेल महोत्सव-2025 के तहत किया जा रहा है। इसे युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के फिट इंडिया अभियान और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया का तकनीकी सहयोग प्राप्त है। रैली नौरंगदेसर से देसलसर तक निर्धारित मार्ग पर संचालित हो रही है।

