बीकानेर : दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में तीन की मौत, एक गंभीर घायल लड़ रहा मौत सें जंग

बीकानेर

बीकानेर : दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में तीन की मौत, एक गंभीर घायल लड़ रहा मौत सें जंग

बीकानेर, दैनिक खबरां । श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत होने की खबर सामने आई है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 10 बजे नेशनल हाइवे पर हेमासर फांटे के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने सामने की टक्कर में चार जने गम्भीर रूप से घायल हुए थे। बताया जा रहा है कि श्रीडूंगरगढ़ के गांव लखासर के युवक नारायण सिंह और तख्तसिंह श्रीडूंगरगढ़ से लखासर की ओर जा रहे थे तो वहीं सामने से कोलायत तहसील के गांव गढियाला निवासी मोतीराम नाई और उनके पुत्र डूंगरराम नाई श्रीडूंगरगढ़ की ओर आ रहे थे। हेमासर के पास दोनों बाइक आमने सामने टकरा गई। हादसे में चारों जनों को गम्भीर चोटें आई।

मौके पर एकत्र राहगीरों ने उन्हें संभाला और तत्काल घायलों को श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया। यहां पहुंचने पर लखासर निवासी नारायण सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी तीनों घायलों को बीकानेर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। बीकानेर ट्रॉमा सेंटर पहुंचते पहुंचते मोतीराम नाई ने भी दम तोड़ दिया।

ट्रॉमा सेंटर से गम्भीर अवस्था में लखासर निवासी तख्तसिंह को जयपुर रेफर किया गया और परिजन उसे लेकर जयपुर रवाना हो गए थे लेकिन रास्ते में श्रीडूंगरगढ़ पहुंचते पहुंचते तख्तसिंह ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में चौथा घायल गढियाला निवासी डूंगरराम की स्थिति भी गम्भीर है और उसे ट्रॉमा सेंटर के रेड एरिया में रखा गया है। मृतकों के शवों का आज पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।

गौरतलब है, श्रीडूंगरगढ़ सें होकर निकलने वाले नेशनल हाइवे पर आए दिन हादसे होते है जिससे कई परिवारों का घर उजड़ चुका है। इन सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण आवारा पशु है जो रात के अँधेरे में वाहन चालक को दिखाई नहीं देते।