बीकानेर : बीजेपी नेता के घर पर फायरिंग का आरोपी रामावत दो साथियों के साथ जयपुर पुलिस की नाकाबंदी में धरा गया

जयपुर बीकानेर

बीकानेर : बीजेपी नेता के घर पर फायरिंग का आरोपी रामावत दो साथियों के साथ जयपुर पुलिस की नाकाबंदी में धरा गया

जयपुर/बीकानेर। बीते वर्ष बीकानेर बीजेपी नेता मोहन सुराणा के भाई के घर पर आधी रात को फायरिंग करने के मुख्य आरोपी श्रीकोलायत निवासी हरिओम रामावत सहित बीकानेर के दो हार्डकोर आरोपियों को जयपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जयपुर की भांकरोटा थाना पुलिस ने की है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों बदमाशों पर हत्या, हत्या का प्रयास, फायरिंग, लूट, अवैध वसूली, मारपीट और अन्य कई गंभीर अपराधों के दर्जनों प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बदमाशों के पंजाब हरियाणा की खूंखार गिरोह से संबंध हैं। पुलिस ने बदमाशों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही हैं।

डीसीपी (पश्चिम) ऋचा तोमर ने बताया कि गैंग अपराधों की रोकथाम और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ पिछले कई दिनों से अभियान चला रखा है। इसी के तहत एडिशनल डीसीपी रामसिंह, एसीपी देवेन्द्र सिंह और थानाधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में बदमाशों पर निगरानी रखी जा रही थी। टीम ने 21 जून को रात करीब दस बजे महापुरा अंडरपास रिंग रोड गश्त के दौरान एक लग्जरी कार को आता हुआ देखकर उसे हाथ के इशारे से रुकवाया। गाड़ी में बैठे तीन व्यक्तियों को जब चैक किया जा रहा था, तभी चालक ने कार को तेजी से दौड़ाना शुरू कर दिया।

पुलिस ने तत्काल उनकी गाड़ी के आगे सरकारी गाड़ी लगा दी। इससे वह भागने में सफल नहीं हो पाए। पुलिस ने तीनों की तलाशी ली तो उनके पास पिस्टल, तमंचा और कारतूस मिले। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू सुभाषपुरा सदर बीकानेर, दानाराम सिहाग लुणकरणसर बीकानेर और हरिओम रामावत कोलायत बीकानेर का रहने वाला हैं। बदमाशों के खिलाफ हत्या,हत्या का प्रयास,फायरिंग,लूट,अवैध वसूली, मारपीट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।