बीकानेर : गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस ने दिखाई सक्रियता, फ्लेट्स में की चैकिंग, कई संदिग्ध वाहन मिले

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

बीकानेर : गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस ने दिखाई सक्रियता, फ्लेट्स में की चैकिंग, कई संदिग्ध वाहन मिले

बीकानेर। पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले बीकानेर में सक्रियता दिखाते हुए छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने स्वर्ण जयंती योजना के तहत बने फ्लेट्स की चैकिंग की। इन फ्लेट्स के आसपास ही पुलिस को कुछ संदिग्ध वाहन मिले हैं, वहीं कुछ किराएदार बिना किसी वेरिफिकेशन के रहते भी मिले हैं। एसपी तेजस्वनी गौतम, एडिशनल एसपी दीपक कुमार और सीओ सदर शालिनी बजाज इस दौरान फ्लेट्स में रहने वालों से मिले और पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि से पहले जगह-जगह चैकिंग की जा रही है। इसी के तहत स्वर्ण जयंती योजना के तहत बने फ्लेट्स की चैकिंग की गई। कुछ समय पहले ही ये फ्लेट्स शुरू हुए हैं, जिनमें रहने वाले कुछ लोग किराए पर है लेकिन किराएदार का वेरिफिकेशन नहीं करवाया गया। वहीं इस परिसर में कुछ वाहन संदिग्ध मिले हैं। इन वाहनों के कागजात मांगे गए हैं। यहां रह रहे लोगों से भी पूछताछ की गई। एक मकान में बच्चे से पूछताछ हुई तो उसने निर्भिकता के साथ सारी जानकारी दी। जिन किराएदारों का वेरिफिकेशन नहीं है, उनका रिकार्ड भी मांगा गया है। बीकानेर शहर के सभी होटल्स और धर्मशालाओं की भी समय-समय पर चैकिंग की जाती है। 26 जनवरी से पहले ये कार्रवाई भी हो सकती है।