बीकानेर पुलिस एक्शन मोड में:चोरी व नकबजनी में सक्रिय आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को दबोचा
दैनिक खबरां, बीकानेर। शहर में बढ़ती चोरी और नकबजनी की वारदातों पर नकेल कसते हुए कोटगेट थाना पुलिस ने बड़ा अभियान चलाकर चालानशुदा व आदतन अपराधियों में से आधा दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में खलबली मच गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई वारदातें खुलने की संभावना जताई जा रही है।
बीकानेर रेंजआईजी हेमन्त शर्मा द्वारा चलाए जा रहें विशेष अभियान एरिया डॉमिनेशन के तहत पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी तथा सीओ सिटी श्रवणदास संत के निर्देशन में थानाधिकारी कोटगेट धीरेन्द्र सिंह, पुलिस निरीक्षक ने टीमें गठित कर यह कार्रवाई की।पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में थानचन्द पुत्र प्रेमप्रकाश, राज जावा पुत्र महेन्द्रपाल जावा, पुनित पंडित उर्फ मोड़ा पुत्र विकास, रावल उर्फ राहुल उर्फ सुरड़ा पुत्र सुन्दर लाल, अरुण पुत्र रतनलाल, योगेश नायक उर्फ दुआ पुत्र गणपतराम, आकाश पंडित पुत्र किशोर पंडित तथा मनोज पुत्र खेमाराम आदि सभी आरोपी बीकानेर के कोटगेट व आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को दस्तयाब कर गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि शहर के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी व नकबजनी की कई घटनाओं में इनकी संलिप्तता हो सकती है। अलग-अलग थानों की टीमें आरोपियों से वारदातों की कड़ी जोड़ने में लगी हैं।इस कार्रवाई को थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह की अगुवाई में गठित 15 सदस्यीय पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

