जिलेभर में बीकानेर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 823 ठिकानों पर दबिश, 76 गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस विविध समाचार

जिलेभर में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 823 ठिकानों पर दबिश, 76 गिरफ्तार

दैनिक खबरां,बीकानेर। संगठित अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बीकानेर पुलिस ने रविवार को जिलेभर में एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 76 अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक इनामी अपराधी, स्थायी वारंटी और कई हार्डकोर अपराधी शामिल हैं।


महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशन तथा जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 374 पुलिसकर्मियों की 85 टीमों ने जिले में 823 स्थानों पर दबिश और सघन चेकिंग की।


कार्रवाई के दौरान 15 स्थायी वारंटी और उद्घोषित अपराधियों सहित 41 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा गया। इसके अलावा 6 हार्डकोर अपराधी और एक इनामी बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। इस प्रकार कुल 76 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं धारा 170 बीएनएसएस के तहत 51 गैरसाइल (शांति भंग की आशंका वाले) व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया।


अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थ और अवैध हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। गंगाशहर थाना पुलिस ने 503 ग्राम अवैध गांजा और 8.64 लीटर देशी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। नाल थाना पुलिस ने 5.29 ग्राम एमडी और 3.660 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ एक आरोपी को पकड़ा। नोखा थाना क्षेत्र में 8.5 ग्राम स्मैक, 192.6 ग्राम डोडा पोस्त और 21.5 ग्राम गांजा बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।


बज्जू थाना पुलिस ने 15.220 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ एक आरोपी को पकड़ा, जबकि छतरगढ़ थाना क्षेत्र में 39 किलोग्राम डोडा पोस्त एक वाहन सहित और 9 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई। महाजन थाना पुलिस ने 3.600 किलोग्राम डोडा पोस्त और 8 लीटर देशी शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।


जेएनवीसी थाना पुलिस ने अवैध हथियार की कार्रवाई में एक पिस्टल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गजनेर थाना पुलिस ने एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा। वहीं सदर थाना पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत एक लाख 88 हजार रुपये और एक मकान के दस्तावेज जब्त किए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।