बीकानेर पुलिस नें नयाशहर क्षेत्र में मादक पदार्थों पर की ताबड़तोड़ छापेमारी, महिला समेत दो गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

बीकानेर पुलिस नें नयाशहर क्षेत्र में मादक पदार्थों पर की ताबड़तोड़ छापेमारी, महिला समेत दो गिरफ्तार

दैनिक खबरां बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त व रखने वालों के विरुद्ध बीकानेर पुलिस का सख्त अभियान जारी है। रेंज आईजी हेमन्त शर्मा  व पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में शहर में नशे के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह बीकानेर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए नयाशहर थाना क्षेत्र के कुख्यात इलाकों में सवेरे-सवेरे रेड कर दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे जम्भेश्वर नगर, प्रताप बस्ती व भाटों का बास क्षेत्र में एक साथ दबिश दी गई। इस कार्रवाई में सीओ सिटी नगर श्रवण दास संत, थाना प्रभारी नयाशहर, सदर, जेएनवीसी, गंगाशहर, एम.पी. नगर, कोटगेट, बीछवाल व कोतवाली पुलिस सहित करीब 120 पुलिस जवान, ड्रोन कैमरे और डॉग स्क्वायड टीम शामिल रहे। पूरे इलाके को चारों ओर से घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13.92 ग्राम एमडी (सिंथेटिक ड्रग) व 530 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किए हैं। साथ ही 47,000 रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो वाहन और तीन बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। पुलिस ने मौके से एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी:

1. सरोज बिश्नोई पत्नी जगदीश बिश्नोई (48 वर्ष), निवासी भूतनाथ मंदिर के पीछे, पुरानी चुंगी चौकी, गजनेर रोड, थाना नयाशहर।

2. राजाराम बिश्नोई पुत्र हजारीराम बिश्नोई (49 वर्ष), निवासी जीवणनाथ जी बगेची के पीछे, जम्भेश्वर नगर, थाना नयाशहर।

3. इसके अलावा पुलिस ने चार अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को भी राउंडअप किया है।

इस संयुक्त अभियान के तहत दो एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई बीकानेर शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चल रहे सघन अभियान का हिस्सा है, और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।