बीकानेर: राजू ठेहट हत्याकांड में बीकानेर से से भेजा गए 40 हजार रुपए पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज..

बीकानेर

बीकानेर: राजू ठेहट हत्याकांड में बीकानेर से  से भेजा गए 40 हजार रुपए पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज..

बीकानेर@दैनिक खबरां। सीकर के राजू ठेहट हत्याकांड के तार बीकानेर से जुड़ते जा रहे हैं। बीकानेर के एक बैंक से ही राजू ठेहट की हत्या करने वालों को रुपए ट्रांसफर किए गए थे। इसका सुराग मिलने के साथ ही पुलिस ने रुपए भेजने वाले का पता लगाना शुरू कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के लिए बैंक का डीवीआर तक पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ से दो युवकों को सीकर पुलिस ने हिरासत में लिया है।

करीब डेढ़ महीने पहले हरियाणा के शूटर जतिन को 40 हजार रुपए बीकानेर से ट्रांसफर किए गए थे। अब ये पता लगाया जा रहा है कि ये रुपए क्यों और किसने ट्रांसफर किए थे। बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र में स्थित एक ई-मित्र केंद्र से ये रुपए ट्रांसफर किए गए थे। ऐसे में इस ई-मित्र तक पुलिस पहुंच गई है। यहां का रिकार्ड कब्जे में लिया गया है। सीकर पुलिस इस मामले में मंगलवार को बीकानेर आई थी। उनके साथ बीछवाल पुलिस ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

हत्याकांड में शामिल था जतिन

जतिन हरियाणा का रहने वाला है। उसी ने राजू ठेहट हत्याकांड में गोली चलाई थी। पुलिस ने उसका रिकार्ड देखा तो बैंक में 40 हजार रुपए की एक एंट्री बीकानेर से पाई गई।

युवकों से हो रही पूछताछ

राजू ठेहठ हत्याकांड में श्रीडूंगरगढ़ का कनेक्शन भी सामने आया है। गांव बिग्गा निवासी दो युवकों को एटीएस और सीकर पुलिस ने मंगलवार को पकड़ा है। इन दोनों युवकों की राजू ठेहट हत्याकांड में क्या भूमिका है? इस बारे में स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। दोनों भाई बताए जा रहे हैं।

रोहित गोदारा भी बीकानेर से

इसी हत्याकांड में एक और नाम भी बीकानेर से आया था। लूणकरनसर के रोहित गोदारा ने हत्या के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर कहा कि राजू ठेहट की हत्या की जिम्मेदारी वो ले रहा है। हालांकि बाद में रोहित ने इस पोस्ट को हटा दिया था। पुलिस ने लूणकरनसर स्थित रोहित के घर पर भी चौकसी बढ़ा दी थी।

क्या है मामला

राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर राजू ठेहट का सीकर में शनिवार सुबह गैंगवार में मर्डर कर दिया गया था। कोचिंग की ड्रेस में पहुंचे बदमाशों ने घर के बाहर खड़े ठेहट पर फायरिंग कर दी थी। ठेहट को 25 से ज्यादा गोली लगी थी। मर्डर के बाद तीन शूटरों समेत 5 बदमाशों को झुंझुनूं से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया, पढ़िए ADG क्राइम रवि प्रकाश महरडा ने क्या बताया…

हत्या के बाद भागते वक्त ऑल्टो गाड़ी के पास खड़े एक व्यक्ति ताराचंद कड़वासरा से चाबी छीनी। ताराचंद ने इसका विरोध किया तो उन्हें भी बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके साथ ही कैलाश चंद्र नाम के व्यक्ति को भी इस दौरान पैर में गोली मारी थी। उनका इलाज चल रहा है।

भागने के दौरान ये लोग झुंझुनूं जिले की बागोली नदी में उतर गए। इससे पहले उन्होंने इलाके में फायरिंग की। पुलिस ने इन्हें सब तरफ से घेर लिया था। तलाशी अभियान चला रहे थे। ये रात का फायदा उठाकर हरियाणा भागना चाह रहे थे। दो बदमाश हरियाणा बॉर्डर के पास डाबला में खेत में छुपे हुए थे। इन्हें विदेशी हथियारों के साथ पुलिस ने दबोच लिया।

तीन लोग अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। तलाशी के दौरान पब्लिक ने काफी सपोर्ट किया। पहाड़ियों में पुलिस छानबीन कर रही थी। यह एरिया ऐसा है कि यदि यहां अपराधी छुप जाएं तो स्थानीय लोगों के सहयोग के बिना ढूंढना मुश्किल रहता है।
लोगों की मदद से माला खेत की पहाड़ियों में छुपे हुए लोगों को ढूंढा। दो बदमाशों ने पुलिस के दो इंस्पेक्टर पर फायरिंग की। बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान दोनों के पैर में गोली लगी है। आरोपियों में एक नाबालिग भी है। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर जांच कर रही है।
जिन लोगों ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली है, उनके बारे में पूरी छानबीन करने के बाद ही पुलिस पुख्ता तौर पर कुछ कह सकती है। अभी पुलिस को ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं।

आरोपियों के पास से चीन और तुर्की में बने 5 विदेशी हथियार बरामद हुए हैं। इन्होंने 52 राउंड सीकर में, तीन बबई में और आज मुठभेड़ के वक्त पांच राउंड फायर किए।
इन चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (DGP) उमेश मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए शूटर्स में से दो मनीष जाट और विक्रम गुर्जर सीकर के ही रहने वाले हैं। वहीं, सतीश कुम्हार, जतिन मेघवाल हरियाणा के भिवानी के हैं। पुलिस ने इनके पास से हथियार सहित चोरी की क्रेटा गाड़ी भी बरामद की है।