आधी रात खेत पर हमला, पेट्रोल डालकर गाड़ी व चारपाई को लगाई आग, दो पर मामला दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले में सोमवार तड़के एक किसान पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना नोखा थाने से जुड़ी हुई है। इस संबध में प्रार्थी मानाराम गोदारा पुत्र तुलछाराम गोदारा निवासी हियादेसर नें मामला दर्ज करवाया है। प्रार्थी नें पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घटना 29 सितम्बर की रात करीब 2.50 बजे की है, जब अपने खेत की ढाणी में सो रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चार-पांच लोग खेत में पहुंचे।
प्रार्थी नें आरोप लगाया कि हमलावरों में मुकेश पुत्र सुनाराम जाट निवासी निमाली हिंखदेसर और मनोज सारण पुत्र सिताराम जाट निवासी भामटसर सहित 2-3 अन्य व्यक्ति शामिल थे। उनके हाथों में पेट्रोल की बोतलें थीं। आरोपियों ने आते ही प्रार्थी से नशा करने के लिए रुपये मांगे। प्रार्थी द्वारा मना करने पर उन्होंने जान से मारने की नीयत से पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की।
हमले से भयभीत प्रार्थी मौके से भागकर किसी तरह जान बचाने में सफल रहा। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी गाड़ी और चारपाई पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते गाड़ी, बिस्तर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।प्रार्थी के शोर मचाने पर उसका पुत्र दौड़कर आया, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो गए। जाते-जाते आरोपियों ने ऐलानिया धमकी दी कि अगली बार मौका मिलने पर वे प्रार्थी को जान से मार देंगे। घटना के सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच तुलसीराम एचसी कर रहें है।

