बीकानेर: चालक ने बीच रास्ते में ही बेच डाला 30 टन मक्का, ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक ने कराई रिपोर्ट दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में विश्वासघात का बड़ा मामला सामने आया है। बीकानेर के बीछवाल स्थित कृष्णा ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक चालक मालिक के साथ धोखाधड़ी करते हुए माल रास्ते में ही बेचकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार प्रार्थी शिव कुमार ब्राह्मण ने बताया कि उनकी कृष्णा ट्रांसपोर्ट कंपनी के भारत बेंज ट्रक (नंबर आरजे 07 जीडी 1190) में चालक प्रभुनाथ पुत्र नारायण नाथ सिद्ध शेरूणा निवासी को 01 सितंबर 2025 को कुंज बिहार से श्री दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी, साहेबगंज रोड से लगभग 30 टन 50 किलो मक्का लोड करके बीएमएस फूड इंडस्ट्रीज, कोलकाता भेजा गया था। लेकिन चालक ने गंतव्य तक माल पहुंचाने के बजाय बीच रास्ते में ही पूरा माल किसी अन्य पार्टी को बेच दिया और उससे मिली भारी भरकम राशि अपने पास रख ली। इस धोखाधड़ी के चलते कंपनी को लाखों का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने इस प्रकरण में सोमवार को बीछवाल पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

