बीकानेर बाईपास हादसा अपडेट: शवों की शिनाख्त हुई, तीन परिवारों में पसरा मातम, काम की तलाश में निकले थे..

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर बाईपास हादसा अपडेट: शवों की शिनाख्त हुई, तीन परिवारों में पसरा मातम, काम की तलाश में निकले थे..

बीकानेर। जयपुर-जोधपुर बाईपास पर मंगलवार रात विजयवर्गीय ढाणी के पास हुआ सड़क हादसा तीन परिवारों के लिए गहरा सदमा बन गया। बाइक पर सवार तीन युवक डंपर की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का टायर उनके ऊपर से गुजर गया और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव क्षत-विक्षत हालत में सड़क पर बिखरे पड़े मिले।

मृतक फलोदी के रहने वाले थे
सीओ सदर विशाल जांगिड़ ने बताया कि मृतकों में दमाराम पुत्र कानाराम मेघवाल शामिल है, जो ठेकेदारी करता था। उसके साथ मजदूर राजू पुत्र भोजाराम मेघवाल और महेश पुत्र मोटाराम मेघवाल निवासी चाखू, फलोदी (जोधपुर) थे। दमाराम दोनों को काम के लिए अपने साथ बीकानेर लेकर आया था।

परिजनों को सूचना, आज होगा पोस्टमॉर्टम
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया। मृतकों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर बीकानेर बुला लिया है। शवों का पोस्टमॉर्टम बुधवार सुबह किया जाएगा।

डंपर चालक फरार
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी, जिसे पुलिस ने कुछ देर बाद नियंत्रण में कर लिया।