बीकानेर में भुजिया कारोबारी के साथ 25 लाख की धोखाधड़ी, सेल्समैन पर केस दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। चौधरी कॉलोनी निवासी कल्पना बिश्नोई ने अपने नौकर पर 25 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। प्रार्थी ने बताया कि उनके परिवार का “आरव नाम भुजिया” बनाने का कारखाना है, जिसमें सेल्समैन के रूप में चम्पालाल गहलोत उर्फ़ बंदी को रखा हुआ था। आरोपी ने बाजार में भुजिया का 25,00,000 रुपए का पेमेंट सालभर से बकाया रखा और उक्त राशि बाजार से वसूल कर ली, लेकिन मालिक को नहीं सौंपी।
जब कल्पना बिश्नोई ने पेमेंट की जानकारी मांगी तो आरोपी ने साफ कह दिया कि उसने पैसा बाजार से वसूल लिया है और अब उसके पास नहीं है, साथ ही यह भी कहा कि “जो कार्रवाई करनी है कर लो, मैं भुगतान नहीं दूंगा।” इस पर प्रार्थी ने एसीजेएम नंबर-4 कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट ने गंगाशहर थाना पुलिस को आदेश दिए कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। आदेश के बाद गंगाशहर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

