बीकानेर: थार और जेसीबी की भीषण भिड़ंत में सरपंच प्रतिनिधि की मौत
दैनिक खबरां,बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में शेरेरा के सरपंच प्रतिनिधि भागीरथ गोदारा की दर्दनाक मौत हो गई। राणीसर और बंबलू के मध्य थार गाड़ी और जेसीबी मशीन की आमने-सामने भिड़ंत में यह दुर्घटना हुई।
मौके से मिली जानकारी के अनुसार जेसीबी मशीन राणीसर से बंबलू की ओर जा रही थी, वहीं सामने से आ रही थार गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे जेसीबी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जेसीबी का बकेट थार के अंदर तक घुस गया, जिससे थार में बैठे भागीरथ गोदारा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद उन्हें पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। वहीं पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। दुर्घटना की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।



