पूर्व सरपंच को बड़ी राहत, पांच से दस साल पुराने विकास कार्यों का भुगतान स्वीकृत

बीकानेर

पूर्व सरपंच को बड़ी राहत, पांच से दस साल पुराने विकास कार्यों का भुगतान स्वीकृत

दैनिक खबरां,बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति की बाना ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच श्रीमती मेनका देवी को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। वर्ष 2015 से 2020 के बीच उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के लगभग 29 लाख 38 हजार 466 रुपए के लंबित भुगतान को मंजूरी दे दी गई है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल के प्रयासों से ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज विभाग ने राज्य वित्त आयोग–पंचम के तहत यह राशि जिला परिषद मद से ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने की अनुमति प्रदान की। श्रीमती मेनका देवी ने बताया कि वर्षों से लंबित भुगतान के कारण उन पर आर्थिक संकट गहराता जा रहा था। कार्य कराने वाली एजेंसियां लगातार भुगतान की मांग कर रही थीं और हालात ऐसे बन गए थे कि भुगतान के लिए जमीन बेचने तक की नौबत आ गई थी। अप्रेल माह में उन्होंने जिला परिषद सीईओ को लिखित रूप से पुराने प्रकरणों के निस्तारण की मांग की थी। सीईओ द्वारा मामले को प्राथमिकता से उठाने और आवश्यक पत्राचार करने के बाद राज्य सरकार से अनुमति मिल सकी। पूर्व सरपंच ने इस निर्णय को राहतभरा बताया और राज्य सरकार व जिला परिषद का आभार व्यक्त किया।