बीकानेर में महिला जज के साथ लूट की घटना पर बार एसोसिएशन में आक्रोश,एसपी को सौंपा ज्ञापन

बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन बीकानेर पुलिस

बीकानेर में महिला जज के साथ लूट की घटना पर बार एसोसिएशन में आक्रोश,एसपी को सौंपा ज्ञापन

बीकानेर,दैनिक खबरां। शहर में बढ़ते अपराधों और मंगलवार को कलेक्टर आवास के सामने महिला जज के साथ हुई चैन स्नेचिंग की घटना को लेकर अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश है। इसी को लेकर बुधवार को बार एसोसिएशन बीकानेर ने अध्यक्ष विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।

अध्यक्ष विवेक शर्मा ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि 21 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे बीकानेर के सबसे पॉश इलाके कलेक्टर निवास स्थल के पास महिला जज के साथ दिनदहाड़े चैन स्नेचिंग हुई। घटना में स्कूटर से गिरने के कारण जज घायल भी हुईं। शर्मा ने कहा कि यह घटना अपराधियों के बढ़ते हौसले को दर्शाती है और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

बार एसोसिएशन ने ज्ञापन में मांग की कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, शहर के संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं को विशेष सुरक्षा प्रदान की जाए, पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन को सक्रिय किया जाए। सभापति कमल सिपाणी ने कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है। जिस शहर को शांति और संस्कारों के लिए जाना जाता था, आज वहां न्यायिक अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।

अधिवक्ता महक घीया ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का प्रश्न है। प्रशासन को इस घटना को उदाहरण बनाकर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अधिवक्ता प्रियम खजांची ने कहा कि न्यायपालिका और समाज तभी मजबूत होंगे जब महिलाएं सुरक्षित महसूस करें। बार एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर घटना पर शीघ्र कार्रवाई कर शहर की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा ताकि न्यायिक अधिकारी और आमजन दोनों सुरक्षित महसूस कर सकें।

ज्ञापन देने वालों में कमल सिपाणी, कुलदीप शर्मा, विजयपाल बिश्नोई, रामरतन गोदारा, राजपाल सिंह राठौड़, रणजीत सिंह निर्वाण, आशु प्रकाश पारीक, तेजकरण राठौड़, हेमाराम जाखड़, ओम हर्ष, वजरंग छीपा, संदीप स्वामी, मनोज भादाणी, महावीर तंवर, गणेश आचार्य, मुजफ्फर अली, शांति शर्मा, हिम्मत सिंह, ओमप्रकाश पुरोहित, महक घीया, प्रियम खजांची, अश्लेष, रितेश, विक्रम, फिरोज सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।