
नौतपा की तपिश के बीच बीकानेर को राहत के संकेत, तीन दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
दैनिक खबरां,बीकानेर। नौतपा की भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू से बेहाल बीकानेरवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने से जिले में मौसम बदलने की संभावना जताई है। विभाग ने 29 और 30 मई के लिए बीकानेर में ऑरेंज अलर्ट तथा 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों की तरह बीकानेर में भी अगले तीन दिनों तक तेज अंधड़, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आंधी और बारिश की गतिविधियों के कारण लू का असर कमजोर पड़ेगा तथा दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। गुरुवार को बीकानेर का अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम में संभावित बदलाव से आमजन को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
मौसम विभाग के अनुसार यह पश्चिमी विक्षोभ 1 जून तक सक्रिय रह सकता है, जिससे बीकानेर सहित संभाग के कई क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है।

