
बीकानेर,दैनिक खबरां । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 25 मई को प्रस्तावित बीकानेर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और अति विशिष्ट अतिथि प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार गृहमंत्री के साथ भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार के कई मंत्री भी बीकानेर पहुंच सकते हैं। ऐसे में प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं चाहता और सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने में जुटा हुआ है। दौरे की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए करीब 50 अधिकारियों की विशेष टीम बनाई गई है। जिला कलक्टर द्वारा जारी निर्देशों में संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त स्टाफ लगाने और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के प्रवेश पत्र तैयार करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
अस्पताल प्रशासन भी अलर्ट
गृह मंत्री के दौरे को लेकर पीबीएम अस्पताल प्रशासन ने भी विशेष चिकित्सा इंतजाम किए हैं। हल्दीराम हृदय रोग विभाग में एक विशेष वार्ड सुरक्षित रखा गया है, जहां 24 घंटे डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे।इसके अलावा चार एंबुलेंस भी अलग-अलग स्थानों पर तैनात की जाएंगी। इनमें सीमा सुरक्षा बल कैंपस, नाल हवाई अड्डा, सांचू बॉर्डर और पीबीएम अस्पताल शामिल हैं। सभी एंबुलेंस में हृदय रोग, मेडिसिन, अस्थि रोग और बेहोशी विशेषज्ञों की ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यक दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
ब्लड रिजर्व की विशेष व्यवस्था
आपात स्थिति से निपटने के लिए ए पॉजिटिव ब्लड ग्रुप का रिजर्व भी तैयार रखा गया है। दो यूनिट ब्लड एंबुलेंस में उपलब्ध रहेगा, जबकि अतिरिक्त दो यूनिट अस्पताल में सुरक्षित रखी गई हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

