हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष: जार की बैठक में बनी आयोजन की रूपरेखा, 30 मई को होगा भव्य कार्यक्रम

Bikaner Rajasthan

हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष: जार की बैठक में बनी आयोजन की रूपरेखा, 30 मई को होगा भव्य कार्यक्रम

स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े पत्रकार परिवार होंगे सम्मानित,कार्यक्रम को लेकर सौंपी गई जिम्मेदारियां

दैनिक खबरां,बीकानेर। हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ़ राजस्थान (जार) बीकानेर इकाई की ओर से 30 मई को आयोजित होने वाले सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को स्टेशन रोड स्थित अंबरवाला होटल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए आयोजन को भव्य एवं गरिमामय बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई।

बैठक की अध्यक्षता जार के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश ओझा ने की। बैठक के दौरान सम्मान समिति प्रभारी श्याम नारायण रंगा ने कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव रखते हुए आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी तथा उपस्थित पत्रकारों से सुझाव आमंत्रित किए।

रंगा ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता का इतिहास संघर्ष, जनजागरण और सामाजिक चेतना का इतिहास रहा है। आजादी के आंदोलन में पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से आमजन में राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने का कार्य किया। ऐसे पत्रकारों और उनके परिवारों का सम्मान करना नई पीढ़ी को पत्रकारिता के मूल स्वरूप से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जार बीकानेर का प्रयास रहेगा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहे, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों को लेकर एक सकारात्मक संदेश भी समाज तक पहुंचे।

जार के पूर्व अध्यक्ष राजेश ओझा ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता ने देश की आजादी से लेकर लोकतंत्र को मजबूत करने तक अहम भूमिका निभाई है। हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होना केवल पत्रकारिता जगत के लिए ही नहीं बल्कि समाज के लिए भी गौरव का विषय है। इसी उद्देश्य को लेकर जार बीकानेर की ओर से 30 मई को अंत्योदय नगर स्थित रमेश इंग्लिश स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समारोह में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हिन्दी पत्रकारिता के माध्यम से राष्ट्र जागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पत्रकारों एवं उनके परिजनों को “आजादी के पत्रकार” अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही बीकानेर के वरिष्ठ पत्रकारों का भी अभिनंदन किया जाएगा, जिन्होंने वर्षों तक पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मजबूती से उठाया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता से जुड़े कानूनी पहलुओं, संवैधानिक मर्यादाओं और खबर लेखन में बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर विशेष संगोष्ठी आयोजित होगी। संगोष्ठी में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विधि विशेषज्ञ पत्रकारों को मानहानि, साइबर कानून, प्रेस की स्वतंत्रता और तथ्यात्मक खबरों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देंगे।

जार के कोषाध्यक्ष नारायण उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम को व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए मंच संचालन, अतिथि समन्वय, स्वागत, मीडिया प्रबंधन, आमंत्रण व्यवस्था, सम्मान समिति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जिलेभर के पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में संयोजन समिति के मनोज व्यास, शिव भादाणी, मुदिता पोपली, वीरेंद्र नारायण पुरोहित,उमाशंकर व्यास,संजय स्वामी, जीतू बीकानेरी, मनोज व्यास,साहिल पठान, मुकुंद व्यास, पवन व्यास, के कुमार आहूजा, गणेश सेवग, शिवराज पंचारिया,उमेश मोदी,योगेश खत्री,राजेंद्र कुमार छंगाणी,राहुल मारवाह सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।