कृषि मंडी हत्याकांड : धरने पर बैठे व्यापारी और ग्रामीण बोले, पहले कातिल पकड़ो फिर पोस्टमार्टम करो,पूरे जिले में नाकाबंदी,पंजाब तक पहुंची पुलिस, देखें वीडियो

जैसलमेर पुलिस कार्रवाई बीकानेर राजस्थान

कृषि मंडी हत्याकांड : धरने पर बैठे व्यापारी और ग्रामीण बोले, पहले कातिल पकड़ो फिर पोस्टमार्टम करो,पूरे जिले में नाकाबंदी,पंजाब तक पहुंची पुलिस

दैनिक खबरां, जैसलमेर/बीकानेर। दीपावली की रात जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ कस्बे में हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। मोहनगढ़ कृषि मंडी में बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले व्यापारी और मुनीम की निर्मम हत्या के बाद मंगलवार सुबह से ही घटनास्थल पर आक्रोश का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में मंडी व्यापारी, ग्रामीण और मृतकों के परिजन मौके पर धरने पर बैठ गए हैं। धरनार्थियों का कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक वे मृतकों के शव नहीं उठाने देंगे। धरनास्थल पर लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है। लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हत्या का जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वारदात को हुए आठ घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस किसी ठोस सुराग तक नहीं पहुंच पाई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहारे और पोकरण के एडीशनल एसपी प्रवीण कुमार सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने धरनार्थियों से बातचीत कर समझाइश का प्रयास किया, साथ ही आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।

जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहारे ने दैनिक खबरां से बातचीत में बताया कि जिलेभर में सघन नाकाबंदी करवाई गई है। पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एक टीम पंजाब के लिए भी रवाना की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और अन्य संसाधनों की मदद से पुलिस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में जुटी हुई है।

पोकरण एडीशनल एसपी प्रवीण कुमार ने दैनिक खबरां को बताया कि मृतकों के परिजन मौके पर आ गए हैं और उनसे लगातार बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि मृतक अकेले रहते थे, इसलिए लूट की कुल राशि कितनी है, इसका पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पर भी परिजनों से सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारी फिलहाल यह साफ नहीं कह पा रहे हैं कि यह मामला लूट का है या किसी पुरानी रंजिश का। एडीशनल एसपी ने कहा कि “यह फिलहाल एक गुत्थी है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।” खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर भारी संख्या में लोग जुटे हुए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना जारी है। इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। वहीं, बीकानेर जिले से भी व्यापारिक संगठनों ने इस हत्याकांड की निंदा की और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

यह है पूरी वारदात: दीपावली की रात मोहनगढ़ कृषि मंडी के बाहर स्थित भगवती ट्रेडर्स नामक आढ़त की दुकान पर सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे लुटेरों ने धावा बोला। हथियारों से लैस बदमाशों ने सोते हुए व्यापारी मदनलाल सारस्वत (55) निवासी सेरूणा और मुनीम रेवंतराम तावणिया (40) निवासी बिग्गा दोनों श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे। जिनकी धारदार हथियारों से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद लुटेरों ने दुकान की तिजोरी और व्यापारी की गाड़ी लूट ली और फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब दुकान के पास के लोगों ने देखा तो बाहर चारपाई पर व्यापारी का शव और अंदर रसोई में मुनीम का शव पड़ा था। दोनों के शरीर पर कई वार के निशान मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और एसएफएल टीम ने साक्ष्य जुटाए।