शादी के पांच महीने बाद भाई दूज पर मायके जाना चाहती थी विवाहिता, नहीं भेजा तो दी जान, यह बोले परिजन
दैनिक खबरां नेटवर्क। भाई दूज के दिन राजस्थान के दौसा से एक परेशान करने वाला मामला सामने आया है। जिले में रहने वाली एक बहन भाई दूज पर अपने मायके जाना चाहती थी, लेकिन ससुराल वाले ने मना कर दिया। इससे नाराज होकर उसने फांसी लगा ली
मृतका प्रियंका शर्मा की शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी। उसके परिजनों का आरोप है कि प्रियंका ने मायके आने की जिद को तो ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित कर कमरे में बंद कर दिया। साथ ही दहेज को लेकर दबाव बनाया जिसके बाद उसने फांसी लगा ली।
कोलवा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना जिले के ढोलका गांव की है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को भाई दूज पर प्रियंका शर्मा काली पहाड़ी स्थित अपने मायके जाना चाहती थी। इसे लेकर लेकर वह लगातार जिद कर रही थी। उसके गर्भवती होने के कारण ससुराल वालों ने भेजने से मना कर दिया। जिससे नाराज होकर उसने फांसी लगा ली।
परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी लगी तो वह प्रियंका को लेकर दौसा जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रियंका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि पांच महीने पहले ही प्रियंका की शादी की थी। उसके ससुराल वालों को करीब 3 लाख रुपये नकद, बाइक और अन्य सामान दिया था। उसके ससुराल वाले कार लेने के लिए पांच लाख रुपये मांग रहे थे।
उनका आरोप है कि प्रियंका ने भाई दूज पर मायके जाने की बात की तो ससुराल वालों ने मना कर दिया। उन्होंने प्रियंका पर मांग पूरी कराने के लिए दबाव बनाया। उसने मायके जाने की जिद की तो उसे कमरे में बंद कर दिया। जिससे परेशान होकर उसने फांसी लगा ली। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

