10 लाख रुपये की डील मामले में फरार तस्कर गिरफ्तार, अब होंगे बड़े खुलासे….

पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य सिरोही

10 लाख रुपये की डील मामले में फरार तस्कर गिरफ्तार, अब होंगे बड़े खुलासे

सिरोही, @dainikkhabraan। सिरोही (Sirohi News) के बरलूट थाना क्षेत्र में महिला एसएचओ सीमा जाखड़ और डोडा तस्करों के बीच कथित 10 लाख रुपये की डील के मामले में मंगलवार को एक अन्य आरोपी को दबोच लिया गया। तस्कर नाम बदलकर कर्नाटक में एक दुकान पर काम कर रहा था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर सिरोही लेकर आई है।

स्वरूपगंज थाना अधिकारी हरि सिंह राजपुरोहित के मुताबिक, 14 नवंबर को तस्करों और तत्कालीन एसएचओ सीमा जाखड़ के बीच दस लाख रुपये में डील हुई थी। कार्रवाई के दौरान डोडा-पोस्त से भरे वाहन का टायर पंचर हो गया।

मौका देखकर तस्कर रमेश कुमार पुत्र लादूराम विश्नोई भाग गया था। सिरोही से पहले वो अपने घर बाड़मेर पहुंचा। वहां से कर्नाटक के लिए रवाना हो गया। मंगलूर (कर्नाटक) में अपना नाम बदलकर हनुमान राम पुत्र तुलसाराम विश्नोई रख लिया। फर्जी आईडी बनवाकर स्टील वेल्डिंग की दुकान पर मजदूरी करने लगा।

पूछताछ में हो सकते हैं कई खुलासे

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने डीएसपी डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा और पिंडवाड़ा डीएसपी किशोर सिंह चौहान के सुपरविजन में टीम गठित की थी। थाना अधिकारी आरोपी को पकड़ने के लिए टीम के साथ मंगलोर पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान रमेश कुमार नाम का कोई व्यक्ति नहीं मिला। जांच में सामने आया कि वेल्डिंग की दुकान पर एक युवक कुछ समय पहले आया है। उसका नाम हनुमान राम पुत्र तुलसाराम विश्नोई है। पूछताछ में सामने आया कि तस्कर नाम बदलकर दुकान पर काम कर रहा था।