फ्रिज खोलते ही अचानक दौड़ा करंट,युवक की हुई मौत

बीकानेर बीकानेर पुलिस

फ्रिज खोलते ही अचानक दौड़ा करंट,युवक की हुई मौत

दैनिक खबरां,बीकानेर। श्रीकोलायत तहसील के मियांकौर गांव में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। अचानक गांव में करंट फैल जाने से एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मियांकौर निवासी रुधनाथ सिंह पुत्र सोहन सिंह दोपहर करीब एक बजे घर पर मौजूद था। इसी दौरान गांव में अचानक तेज वोल्टेज का करंट फैल गया। बताया जा रहा है कि रुधनाथ सिंह ने जैसे ही पानी पीने के लिए फ्रिज का दरवाजा खोला, उसे जोरदार करंट लगा और वह वहीं गिर पड़ा। परिजन तत्काल उसे कोलायत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मृतक के भाई पप्पू सिंह ने इस संबंध में हदां थाना में मर्ग दर्ज करवाई है। ग्रामीणों के अनुसार इस हादसे के दौरान करीब 8 से 10 घरों में विद्युत उपकरण जैसे टीवी, फ्रिज, पंखे आदि जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों ने  मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।