चलती बस में लगी भीषण आग, 20 यात्री जिंदा जले, राष्ट्रपति व पीएम नें जताया दुःख
दैनिक खबरां,न्यूज़। आंध्र प्रदेश के कुरनूल से बड़ी खबर सामने आ रही है। जंहा ज़िले में शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसा हुआ। बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही एक निजी बस में टक्कर के बाद आग लग गई, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। यह घटना कल्लूर मंडल के चिन्नाटेकुर गांव के पास हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर हुई। पुलिस के अनुसार, बस की सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई, जिससे बाइक बस के नीचे फंस गई और ईंधन टैंक से पेट्रोल रिसाव होने लगा। चिंगारी लगते ही बस में आग भड़क उठी। हादसे के वक्त बस में करीब 41 यात्री सवार थे।
कुरनूल की जिला कलेक्टर डॉ. ए. सिरी ने बताया कि हादसा तड़के करीब 3 बजे हुआ। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग सो रहे थे, जो बाहर नहीं निकल पाए। 21 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि बाकी 20 लोग आग की लपटों में झुलसकर मौत के शिकार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी बस जलकर खाक हो चुकी थी। मृतकों में बाइक सवार व्यक्ति भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया है।
घायलों को कुरनूल जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान शुरू कर दी है, अब तक 11 शवों की पहचान हो पाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

