बजरी से भरी ट्रैक्टर–ट्रॉली की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालिका की मौत, चालक फरार

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बजरी से भरी ट्रैक्टर–ट्रॉली की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालिका की मौत, चालक फरार

दैनिक खबरां,बीकानेर। सेटेलाइट अस्पताल के पास चांद बस्ती स्थित चूना भट्टा इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रही 10 वर्षीय मासूम चेतना की बजरी से भरी ट्रैक्टर–ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे ट्रैक्टर–ट्रॉली चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन घुमाया, जिससे गली में खेल रही बच्ची दब गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। भीड़ बढ़ती देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। थाना प्रभारी कविता पूनिया ने बताया कि ट्रैक्टर–ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है। मृतका के पिता हीरालाल नायक ने चौखूंटी निवासी चालक आसूराम के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।