
बीकानेर से खबर: हाथ बंधे मिले युवक-युवती के शवों ने बढ़ाया रहस्य, इलाके में हड़कंप, पुलिस जुटी जांच में…
दैनिक खबरां, बीकानेर। जिले के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के मलकीसर-पिपेरा गांव में रविवार देर शाम एक युवक और युवती के लापता होने के बाद सोमवार को उनके शव नहर से बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार पिपेरा निवासी सुमन, पुत्री ओमप्रकाश गवारिया तथा संगर, सूरतगढ़ सिटी निवासी मुकेश, पुत्र कालूराम गवारिया बीते दिन से घर से गायब बताए जा रहे थे। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के दौरान दोनों के मोबाइल फोन एनएच-62 स्थित मलकीसर नहर पुलिया के पास मिले, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब दोपहर 12 बजे दोनों के शव पुलिया से कुछ दूरी पर नहर से बाहर निकाले गए। पुलिस के अनुसार शव मिलने के दौरान दोनों के हाथ आपस में बंधे हुए पाए गए, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। फिलहाल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

